सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 9 सितंबर
लोक निर्माण विभाग के परिधि गृह कुल्लू में बुधवार को कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर ने की। कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना पर विशेष चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से पात्र परिवारों को योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने और कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे, इसके लिए बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से कार्य करने का आह्वान किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी सभी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना में कोई भी पात्र परिवार छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सेस राम आजाद ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को सहारा देने का काम किया है।
कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय होकर कार्य करें। पार्टी की विचारधारा से जुड़े प्रधान और बीडीसी सदस्य भी अपनी-अपनी पंचायतों में पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने में सहयोग करें।
विधायक ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं, इसलिए संगठन में सक्रिय रूप से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पदाधिकारियों से उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि विधायक बनने के बाद कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे विकास कार्य शुरू हुए हैं, जिनके बारे में पहले केवल कल्पना की जाती थी। रशोल सड़क का काम शुरू होना इसका उदाहरण है। इसके अलावा अन्य सड़कों पर भी कार्य शुरू हो चुके हैं और आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति प्रदान की जाएगी।
बैठक में बरशैणी वार्ड से जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, पंचायत समिति भुंतर के अध्यक्ष रामप्रसाद, पंचायत समिति कुल्लू के उपाध्यक्ष सुंदर, जिला कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया प्रभारी संजय गुप्ता, पार्षद कुब्जा ठाकुर, जीवनकला सहित नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान और पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे।










