सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, शिमला : 9 सितंबर
हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने शिमला जिला की विभिन्न जातियों एवं समुदायों को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की सूची में शामिल करने से जुड़े मामलों की समीक्षा की। आयोग के अध्यक्ष प्रभात चंद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संबंधित समुदायों की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्थिति सहित निर्धारित मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोग अध्यक्ष प्रभात चंद ने कहा कि सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक आधार पर पिछड़े समुदायों को ओबीसी सूची में शामिल किया जाता है। इसके लिए आयोग ने 25 निर्धारित मानदंड तय किए हैं। जो जाति या समुदाय इन मानदंडों को पूरा करता है, उसे ओबीसी दर्जा दिए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों से आवश्यक रिपोर्ट समय पर प्राप्त नहीं हो पा रही हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
बैठक में प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार ब्राह्मण भुजुरु, ब्राह्मण आचारज, कुलाल/कलाल तथा भाट/भट्टा समुदायों के संबंध में आयोग द्वारा निर्धारित 25 मानदंडों की पूरी जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (कानून एवं व्यवस्था), शिमला की ओर से इस संबंध में सूचनात्मक पत्र और अनुस्मारक प्राप्त हुए हैं।
डोडरा क्वार समुदाय के मामले में आयोग की ओर से 11 जून 2026 को क्वार तथा 12 जून को डोडरा क्षेत्र में सार्वजनिक सुनवाई की गई थी। इसके बाद 25 जून 2026 को एसडीएम डोडरा क्वार की ओर से 25 निर्धारित मानदंडों के आधार पर रिपोर्ट आयोग को सौंपी गई।
रिपोर्ट में कुछ बिंदुओं पर स्थिति और स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता बताई गई है। इनमें क्षेत्र के निवासियों के वैवाहिक संबंध, भूमि जोत का आकार और आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारी शामिल है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र के लोगों को ईडब्ल्यूएस के लाभ मिल रहे हैं तथा डोडरा क्वार क्षेत्र पहले से ही अनुसूचित पिछड़ा क्षेत्र है, जिसके चलते लोगों को पिछड़ेपन से संबंधित लाभ प्राप्त हो रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय लोगों ने बताया है कि क्षेत्र में 21 वर्ष से कम आयु में विवाह नहीं होते तथा विवाह के दौरान किसी प्रकार की विचाराधीन/निर्धारित राशि लेने की परंपरा नहीं है।
बैठक में आयोग सदस्य राजीव राणा, राकेश चौधरी, के.एस. भारती और सपना कटोच, सदस्य सचिव शिव मोहन सिंह सैनी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम ठियोग डा. शशांक गुप्ता, एसडीएम कुमारसैन मुकेश कुमार, एसडीएम डोडरा क्वार कीर्ति चंदेल, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा, एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










