मिशन साझ (SAAJH) के तहत तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप में स्काउट्स-गाइड्स को नशे से दूर रहने का दिया संदेश

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
हरिपुर, कुल्लू।

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरिपुर में आयोजित जिला स्तरीय तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स के लिए नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। सत्र का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना रहा।

विशेष जागरूकता सत्र टीम सहभागिता के निदेशक बीजू हिमदल ने लिया। उन्होंने पारंपरिक भाषण के बजाय बच्चों के साथ सहज एवं संवादात्मक तरीके से बातचीत करते हुए नशे के कारणों, दुष्प्रभावों, गलत संगत, सामाजिक दबाव और नशे से बचाव के उपायों पर चर्चा की।

बीजू हिमदल ने कहा कि बच्चों को केवल नशे के नुकसान बताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना भी जरूरी है। दोस्ताना माहौल में संवाद करने से बच्चे बिना झिझक अपने सवाल और विचार सामने रख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि स्काउटिंग का उद्देश्य केवल गतिविधियों और कौशल तक सीमित नहीं है, बल्कि जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक तैयार करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। बच्चों को सेवा, अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

यह जागरूकता सत्र कुल्लू जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘SAAJH’ नशा जागरूकता अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया।

टीम सहभागिता ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए अनुमति एवं सहयोग प्रदान करने पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स हिमाचल प्रदेश के स्टेट ट्रेनिंग कमिश्नर मनोहर लाल ठाकुर, जिला कुल्लू की स्काउटिंग एवं गाइडिंग टीम तथा कैंप के सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

बीजू हिमदल ने कहा कि भविष्य में भी स्कूलों और समुदायों में बच्चों एवं युवाओं के साथ ऐसे संवादात्मक जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *