राज्य स्तरीय निपुण टेस्टिंग कैंप से निपुण टेस्ट पास कर लौटीं स्नोलैंड स्काउट्स की तीन रेंजर्स

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स हिमाचल प्रदेश द्वारा रेंजर्स के लिए आयोजित राज्य स्तरीय निपुण टेस्टिंग कैंप में स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप कुल्लू की तीन रेंजर्स ने निपुण टेस्ट सफलतापूर्वक पास कर ग्रुप का नाम रोशन किया है।

राज्य स्तरीय पांच दिवसीय निपुण टेस्टिंग कैंप का आयोजन 10 से 14 सितंबर 2026 तक स्टेट ट्रेनिंग सेंटर (एसटीसी) रिवालसर में किया गया। कैंप में प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और ओपन यूनिट्स से 400 से अधिक रेंजर्स ने भाग लिया।

स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप की ओर से अनन्या, शगुन नेगी और चाँद कुमारी ने कैंप में भाग लिया। पांच दिनों के दौरान रेंजर्स को निपुण पाठ्यक्रम के तहत विभिन्न सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक गतिविधियों तथा परीक्षणों से गुजरना पड़ा।

कैंप में नॉट्स एवं लैशिंग, पायनियरिंग, कैंप क्राफ्ट, फर्स्ट एड, फायर सेफ्टी, रोड सेफ्टी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सहित स्काउटिंग एवं गाइडिंग से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण और परीक्षण किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से रेंजर्स की स्काउटिंग दक्षता, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, अनुशासन और आपात परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता का मूल्यांकन किया गया।

कैंप के समापन पर तीनों रेंजर्स ने निपुण टेस्ट सफलतापूर्वक क्वालिफाई कर प्रमाण-पत्र प्राप्त किए। इस उपलब्धि पर स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप के ग्रुप लीडर बीजू हिमदल ने तीनों रेंजर्स को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

बीजू हिमदल ने बताया कि तीनों रेंजर्स अब आगामी राज्य पुरस्कार (State Award) टेस्टिंग कैंप में प्रतिभाग करेंगी। उन्होंने कहा कि निपुण टेस्ट में सफलता रेंजर्स के लिए स्काउटिंग एवं गाइडिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण एवं टेस्टिंग कैंप युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप का प्रयास है कि युवाओं को स्काउटिंग एवं गाइडिंग के माध्यम से सीखने, नेतृत्व करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के अधिक से अधिक अवसर मिलें।

बीजू हिमदल ने तीनों रेंजर्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी राज्य पुरस्कार टेस्टिंग कैंप के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *