कुल्लू में कामगारों के लिए राहत : 321 श्रमिकों को मिली 96.21 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

कुल्लू, 15 सितंबर:

भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत कुल्लू जोन के श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वर्तमान वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान 15 अगस्त, 2026 तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत यहाँ के 321 कामगारों और उनके परिवारों को कुल 96,21,000 रुपये (96.21 लाख रुपये से अधिक) की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। यह मदद श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, विवाह, चिकित्सा और अन्य सामाजिक सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से दी गई है।

श्रम कल्याण अधिकारी कुल्लू जोन, शशांक ने जानकारी दी है कि कुल सहायता में 224 लाभार्थियों के बच्चों की शिक्षा के लिए 49.25 लाख रुपये की सहायता शामिल है। वहीं विवाह सहायता योजना के तहत 67 कामगारों को 34.17 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रसूति/पितृत्व सुविधा योजना के तहत 15 लाभार्थियों को 5.02 लाख, बेटी के जन्म पर दिए जाने वाले बालिका जन्म उपहार योजना के अंतर्गत 3 लाभार्थियों को 1.53 लाख, चिकित्सा सहायता योजना के तहत 1 लाभार्थी को 1 लाख तथा मानसिक रूप से मंद बच्चों की देखरेख के तहत 2 लाभार्थियों को 40 हज़ार रुपये की सहायता दी गई है।

भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड वर्तमान में कुल 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रहा है, जिनका मुख्य उद्देश्य निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और उन्हें आर्थिक संबल देना है।

बोर्ड के तहत पंजीकरण करवाने के लिए कामगार की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पिछले 12 महीनों में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया होना अनिवार्य है। इन 90 दिनों की अवधि में किसी भी प्रकार के निजी निर्माण, परियोजना कार्यों के साथ-साथ सरकार या पंचायत द्वारा संचालित निर्माण कार्यों में काम की अवधि भी मान्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *