बरोट में भाजपा की मासिक बैठक के बाद उग्र प्रदर्शन : विधायक पूर्ण चंद ठाकुर के नेतृत्व में निकाली गई रोष रैली, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

चौहार घाटी के बरोट में संगठनात्मक बैठकों और जन-आंदोलन का दिन रहा। जहाँ एक ओर दुर्गा माता के प्रांगण में पद्धर मंडल भाजपा की मासिक बैठक मंडलाध्यक्ष इंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई, वहीं दूसरी ओर द्रंग क्षेत्र के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध रैली निकाली।

दुर्गा माता प्रांगण में आयोजित बैठक में पद्धर मंडल के सभी बूथों के अध्यक्षों, मंडल कार्यकारिणी, मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ-कनिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ मियोट, खलेहल, बरोट, लपास, कल्होग आदि महिला मंडलों की महिलाओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस दौरान मंडी संसदीय क्षेत्र के पूर्णकालिक विस्तारक सुरेश शर्मा और पद्धर मंडल प्रभारी खेम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक के दौरान पार्टी नेताओं को सम्मानित किया गया।

बैठक में विस्तारक सुरेश शर्मा, प्रभारी खेम सिंह और विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के टिप्स दिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी साझा की।

बैठक के उपरांत विधायक पूर्ण चंद ठाकुर की अगुवाई में प्रदेश, जिला तथा पद्धर मंडल भाजपा के पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने दुर्गा माता मंदिर से लेकर स्कूल, मार्केट तथा बरोट स्थित पंजाब राज्य बिजली बोर्ड के खुले मैदान तक एक रोष रैली निकाली।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ स्लोगन लिखे बैनर थामे और “सुक्खू भाई, दस गारंटी कैथी पाई” जैसे नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया।

रैली के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने वर्तमान सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल के दौरान चुनाव के समय दी गई दस गारंटियां आज तक पूरी नहीं हो पाई हैं। झूठ के सहारे सत्ता में आई इस सरकार ने आम जनता का जीना दुश्वार कर दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व जयराम सरकार के दौरान खुले महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों को बिना सोचे-समझे बंद कर दिया गया है, जिससे जनता में भारी रोष है। महिलाओं को हर माह 1500 रुपये देने की गारंटी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी तक 15 पैसे भी नहीं दिए हैं। इसके अलावा, हिमकेयर कार्ड बंद करने और विधायक निधि रोकने से पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप हो गए हैं।

विधायक ने विश्वास जताया कि जनता इन सबका जवाब आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर देगी और प्रदेश में पुनः भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी।

इस अवसर पर प्रदेश युवा मोर्चा सचिव चंदन पंडित, जिला भाजपा उपाध्यक्ष मोहन सिंह, जिला ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश चंद, जिला परिषद सदस्य रोशन लाल ठाकुर व चम्पा देवी, बीडीसी अध्यक्ष सुनीता देवी, मंडलाध्यक्ष इंद्र सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर, प्रेम सिंह प्रितु, शेर सिंह, हरीश, महामंत्री सुरेश कटारिया सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, ग्राम केंद्र अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *