प्रदेश में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित की जा रही 14 योजनाएं

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 18 सितंबर
हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, विवाह, चिकित्सा, मातृत्व, आवास, मृत्यु एवं अंत्येष्टि सहित विभिन्न आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
आनी विधानसभा क्षेत्र में भी बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ निरंतर प्रदान किया जा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक करीब 62 लाख रुपये के विभिन्न कल्याणकारी लाभ क्षेत्र के पंजीकृत लाभार्थियों को प्रदान किए जा चुके हैं।
15 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशभर के बोर्ड लाभार्थियों को 20.61 करोड़ रुपये के विभिन्न कल्याणकारी लाभ प्रदान किए। इनमें आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमंड विकास खंड की दो विधवा महिला लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए 3-3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी शामिल है।
हाल में ही निरमंड और आनी विकास खंडों में आयोजित 20 सूत्रीय कार्यक्रम की बैठकों की अध्यक्षता करते हुए मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं गैर-सरकारी सदस्यों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिकों को इनकी जानकारी मिल सके और वे नियमानुसार लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर के मार्गदर्शन में फील्ड कार्यालय रामपुर बुशहर द्वारा पंजीकृत लाभार्थियों की e-KYC प्रक्रिया लगातार जारी है। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों का सत्यापन सुनिश्चित करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि निर्माण श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, विशेषकर ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में पात्र श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *