लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन की अनूठी पहल : राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर दिया जोर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, केलांग

राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में युवाओं को जोड़ने और केंद्र व राज्य सरकार की युवा-केंद्रित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष, केलांग में MY Bharat के द्वितीय तिमाही जिला सलाहकार समिति (DAC) की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में MY Bharat पोर्टल पर युवाओं के अधिक से अधिक पंजीकरण और ‘VBYLD क्विज’ में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘युवा संवाद’ आयोजित करने के निर्देश दिए गए, जिससे युवाओं को सरकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसरों की जानकारी मिल सके। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर के दौरान स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, पौधरोपण, रक्तदान शिविर और बुजुर्गों की सेवा जैसी विभिन्न जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 20 सितंबर को एकलव्य आवासीय विद्यालय में ‘नशामुक्त युवा राष्ट्रीय संकल्प समारोह’ का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर एक स्वस्थ और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है।

इस अवसर पर एसडीएम कुनिका एकर्स, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी अश्वनी कुमार, जिला युवा अधिकारी ऋषभ, तथा शिक्षा एवं एनएसएस के उपनिदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को इन सभी कार्यक्रमों की प्रभावी योजना बनाकर इन्हें समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *