सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, शिमला
गृह मंत्रालय के अतिरिक्त महानिदेशक राज कुमार और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के क्षेत्रीय निदेशक अमनजीत सिंह ने शुक्रवार को शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिमला में एनसीबी का नया जोनल कार्यालय स्थापित करने के लिए जल्द भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया, जिस पर उपायुक्त ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत गृह मंत्रालय और एनसीबी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न प्रयासों और गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने जिला प्रशासन द्वारा ‘नशा मुक्त हिमाचल’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं और आमजन की भागीदारी से जागरूकता गतिविधियां व्यापक स्तर पर चलाई जा रही हैं। जिला प्रशासन के लगभग सभी अधिकारियों ने स्कूल गोद लिए हैं, जहां वे नियमित रूप से जाकर छात्रों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से गृह मंत्रालय और एनसीबी को इस अभियान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया है।
इस अवसर पर प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) शिमला के सहायक निदेशक संजीव कुमार शर्मा और पीआईबी चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान भी उपस्थित रहे।











