सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
बैजनाथ क्षेत्र की दुर्गम छोटाभंगाल के लोगों ने एक बार फिर घाटी के लिए एम्बुलेंस सुविधा मुहैया करवाने की पुरजोर मांग उठाई है। स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि वर्षों पुरानी इस मांग पर सरकार और प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
जिला परिषद सदस्य राम लाल ने बताया कि जिला परिषद बनने के बाद उनके द्वारा इस संबंध में लिखित प्रस्ताव पारित कर सरकार व जिला प्रशासन को भेजा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार और वर्तमान सरकार दोनों ही राजनीतिक कारणों से इस महत्वपूर्ण मांग को दबाती आ रही हैं। घाटी की बड़ा ग्रां, कोठी कोहड़, धरमान, मुल्थान, लोआई, स्वाड़ और पोलिंग पंचायतों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घाटी के एक छोर पर कोठी कोहड़ दयोट और दूसरे छोर पर लोहारडी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित हैं, जिनकी आपसी दूरी करीब 20 किलोमीटर है। आपात स्थिति या गंभीर बीमारी के दौरान घाटी के लोगों को मजबूरन पड़ोसी जिले मंडी की चौहार घाटी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोट की सरकारी एम्बुलेंस का सहारा लेना पड़ता है। एम्बुलेंस न होने के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई बार महंगे किराए के वाहनों का उपयोग करना पड़ता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
राम लाल सहित घाटी के समस्त लोगों ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द से जल्द छोटाभंगाल घाटी के लिए एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं करवाई, तो क्षेत्र के सैंकड़ों लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।











