सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 19 सितम्बर
जिला कुल्लू पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2.343 किलोग्राम चरस और 49.33 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने इन मामलों में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस चौकी जरी की टीम ने डूंखरा चौक पर नाकाबंदी के दौरान एक बस को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार दो युवकों के कब्जे से 2.343 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी केरल के रहने वाले हैं। इनमें एक करुराम विल उदयनपुरम, डाकघर वाईकोम, जिला कोट्टायम तथा दूसरा कचेरी थारा, वाईकोम, केरल का निवासी है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना मणिकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस थाना मणिकर्ण की टीम ने सुमारोपा में कटागला बाइफ्रिकेशन के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दो युवकों के कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।
दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। एक गांव चौन्दा, डाकघर व तहसील अमरगढ़, जिला मलेरकोटला और दूसरा गांव गुरदितपुरा, डाकघर गुदईया, तहसील नाभा, जिला पटियाला का निवासी बताया गया है।
दोनों के खिलाफ पुलिस थाना मणिकर्ण में धारा 21, 25 और 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जरड़ JBT सेंटर के समीप कार्रवाई की। इस दौरान एक 23 वर्षीय युवक के कब्जे से 15.33 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया।
आरोपी मंडी जिले की औट तहसील के नगवाईं गांव का निवासी बताया गया है। उसके खिलाफ पुलिस थाना भुंतर में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी
जिला कुल्लू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस द्वारा नाकाबंदी, गुप्त सूचनाओं और विशेष अभियानों के माध्यम से नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।











