कुल्लू पुलिस लाइन के पास HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त, छह लोग घायल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ / कुल्लू, 03 अक्तूबर

मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस शनिवार सुबह कुल्लू पुलिस लाइन के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा सुबह करीब 6:00 बजे हुआ। बस में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें चार यात्री, चालक और परिचालक शामिल थे। दुर्घटना में सभी छह लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल (RH) कुल्लू लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर HP-38-9738 है। हादसे में घायल यात्रियों की पहचान श्याम लाल (45), निवासी बास्कोला, डाकघर कटरेन, कुल्लू; कृष्ण थापा (42), निवासी बंदरोल, कुल्लू; छाया देवी (25), पत्नी राकेश कुमार, निवासी गांव कुथेड़, डाकघर सिहुंती, जिला पठानकोट; तथा राकेश कुमार (31), निवासी गांव कुथेड़, डाकघर सिहुंती, जिला पठानकोट के रूप में हुई है।

इसके अलावा बस चालक मनमोहन सिंह (42), निवासी गांव भुत, डाकघर खरोटा, तहसील चवारी, जिला कांगड़ा और परिचालक प्रवीण सिंह (46), निवासी गांव खन्नी, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा भी हादसे में घायल हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में उपचार उपलब्ध करवाया गया। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की ओर से इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *