सुरभि न्यूज़
चांदपुर, बिलासपुर : 3 अक्तूबर
कल्याण कला मंच बिलासपुर की ओर से ‘कला कलम संगोष्ठी’ का आयोजन 4 अक्तूबर को नगर के साथ लगते हनुमान टिल्ला स्थित काले बाबा कुटिया में किया जाएगा। कार्यक्रम में कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-मंथन के साथ प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
मंच के संयोजक अमर नाथ धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि संगोष्ठी के प्रथम सत्र में विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान बहुआयामी प्रतिभा की धनी एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका रूमा चंदेल को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान दिवंगत घट्ट नृत्यांगना फुलां चंदेल तथा सेवानिवृत्त जिला लोक संपर्क अधिकारी स्वर्गीय आनंद सोहड को श्रद्धांजलि भी अर्पित की जाएगी। दोनों के कला, संस्कृति एवं समाज के क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए उपस्थित प्रतिभागी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
संगोष्ठी के द्वितीय सत्र में बहुभाषी कला-कलम संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न भाषाओं के साहित्य और कला से जुड़े प्रतिभागी अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां एवं विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कल्याण कला मंच के निदेशक सुरेंद्र मिन्हास करेंगे, जबकि मंच संचालन मंच प्रधान तृप्ता कौर मुसाफिर करेंगी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित अतिथियों के लिए कहलुरी धाम की व्यवस्था सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जीत राम सुमन की ओर से की जाएगी। आयोजकों ने कला, साहित्य और संस्कृति प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।










