जोगिंदर नगर क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र की बहाली को लेकर संघर्ष जारी, 45वें दिन में पहुंची क्रमिक भूख हड़ताल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

जोगिंदर नगर, 3 अक्तूबर

हर्बल गार्डन स्थित क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र को जोगिंदर नगर से सोलन स्थानांतरित करने की अधिसूचना रद्द कर संस्थान को जोगिंदर नगर में ही बहाल करने की मांग को लेकर संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। समिति की क्रमिक भूख हड़ताल शनिवार को 45वें दिन में प्रवेश कर गई।

भूख हड़ताल के क्रम को आगे बढ़ाने के लिए रोपड़ी कलेहड़ू पंचायत के रविंदर बल्याणी, नागेश कुमार और मनु तथा जोगिंदर नगर से राज कुमार ने मोर्चा संभाला। इस दौरान संघर्ष समिति के महासचिव रोटेरियन अजय ठाकुर ने पिछले दिन की टीम को रिलीव कर नई टीम के भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा की।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज, सचिव कर्म चंद, सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक रवि कुमार, डॉ. राजेंद्र सिंह, प्रेम, अर्जुन, सुभाष चंद, लक्की, श्याम सिंह, सोहन सिंह, जय करण, रमेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज, महासचिव अजय ठाकुर और सचिव कर्म चंद ने कहा कि जोगिंदर नगर से क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र को स्थानांतरित करने के फैसले के खिलाफ शुरू किया गया संघर्ष संस्थान की बहाली तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जोगिंदर नगर में संस्थान के लिए जमीन, जलवायु और आवश्यक आधारभूत ढांचा उपलब्ध है। ऐसे में संस्थान को यहां से दूसरे जिले में स्थानांतरित करना क्षेत्रवासियों के हितों के विपरीत है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि संस्थान के स्थानांतरण संबंधी निर्णय पर पुनर्विचार कर इसे जोगिंदर नगर में ही बहाल किया जाए। समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक क्रमिक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

वहीं, संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरुशरण परमार ने कहा कि समिति को उम्मीद है कि केंद्रीय आयुष मंत्रालय की ओर से शीघ्र बातचीत का न्यौता मिलेगा। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल संस्थान को जोगिंदर नगर में बनाए रखने की मांग को मजबूती से रखेगा।

संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र की बहाली को लेकर स्थानीय लोगों का आंदोलन फिलहाल जारी रहेगा और आने वाले दिनों में आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *