छोटा भंगाल के मुल्थान में एड्स जागरूकता को लेकर निकली वॉकथॉन, स्थानीय लोगों को किया जागरूक

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

छोटा भंगाल के राजकीय महाविद्यालय मुल्थान के रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में एड्स जागरूकता को लेकर जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मुल्थान बाजार में वॉकथॉन निकालकर स्थानीय लोगों को एड्स जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के प्रति जागरूक किया।

वॉकथॉन का नेतृत्व रेड रिबन क्लब के प्रभारी प्रो. ऋषभ चौहान ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लेकर तथा एड्स से बचाव और सुरक्षित जीवनशैली से जुड़े नारे लगाते हुए बाजार में लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने आम लोगों को एड्स के कारणों, बचाव के उपायों तथा इससे जुड़े भ्रम और भ्रांतियों से दूर रहने का संदेश दिया।

वॉकथॉन के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में यह संदेश पहुंचाया कि एड्स के प्रति जागरूकता ही इसके प्रसार को रोकने का महत्वपूर्ण माध्यम है। युवाओं ने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की गलत जानकारी पर विश्वास न करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. अभिषेक सिंह सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यकारी प्राचार्य ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। रेड रिबन क्लब द्वारा आयोजित यह वॉकथॉन इसी दिशा में एक सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और महाविद्यालय स्टाफ ने एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *