सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, बिलासपुर : 06 अक्तूबर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर एम्स में पहले दीक्षांत समारोह में 91 डॉक्टरों व पैरामेडिकल विद्यार्थियों को उपाधियां दी गई। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जबकि राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भी रहे मौजूद रहे।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह का आयोजन आज गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए एम्स बिलासपुर से चिकित्सा एवं पैरामेडिकल शिक्षा पूरी करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं।
समारोह के दौरान कुल 91 डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अवसर उनके शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। समारोह में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवींद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी उपस्थित रहे। गणमान्य अतिथियों ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह को संस्थान के शैक्षणिक सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने और समाज की सेवा के संकल्प के साथ नई पेशेवर यात्रा की शुरुआत की।
समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल कवींद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सामूहिक चित्र भी खिंचवाया। यह तस्वीर एम्स बिलासपुर के इतिहास में एक यादगार क्षण के रूप में दर्ज हुई।












