साहित्यिक आयोजन : डॉ. रामसेवक ‘विकल’ की पुण्यतिथि पर 11 नवंबर को राष्ट्रीय साहित्यिक संगोष्ठी एवं कवि सम्मेलन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ : बलिया (उत्तर प्रदेश)

प्रख्यात साहित्यकार स्वर्गीय डॉ. रामसेवक ‘विकल’ की पुण्यतिथि के अवसर पर डॉ. रामसेवक विकल साहित्य कला संगम ट्रस्ट (न्यास) की ओर से 11 नवंबर 2026 को ईसारी, सलेमपुर, जनपद बलिया में भव्य राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, पुण्य स्मरण कार्यक्रम, पुस्तक विमोचन, कवि सम्मेलन तथा पगड़ीभिषेक सह सम्मान समारोह आयोजित होगा।

कार्यक्रम दोपहर एक बजे से शुरू होगा। समारोह में डॉ. आदित्य कुमार ‘अंशु’ द्वारा रचित निबंध संग्रह ‘प्रज्ञा पुष्प’ का लोकार्पण भी किया जाएगा। आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से साहित्यकार, शिक्षाविद्, कवि, विद्वान एवं समाजसेवी शामिल होकर साहित्य, कला, संस्कृति और सामाजिक चेतना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा करेंगे।

समारोह में वरिष्ठ कोषागार अधिकारी आनंद दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि प्रखर समाजसेवी सत्येंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आदित्य कुमार ‘अंशु’ एवं डॉ. सुनील कुमार ओझा करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक आनंद कुमार, निदेशक साहित्य समीक्षा हैं।

ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय डॉ. रामसेवक ‘विकल’ के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान का स्मरण करने के साथ-साथ साहित्यिक परंपराओं को आगे बढ़ाना और समाज में साहित्य एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करना है।

आयोजन समिति ने साहित्यप्रेमियों, शिक्षाविदों, कवियों, साहित्यकारों एवं समाजसेवियों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है। यह कार्यक्रम साहित्यकार डॉ. रामसेवक ‘विकल’ के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देने का माध्यम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *