सुरभि न्यूज़ | शिमला, 02 नवंबर
निजी क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार कार्यालय शिमला की ओर से 5 नवंबर, 2026 को विभिन्न पदों को भरने के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 10 पद भरे जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 14 हजार से 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी प्रवीन नगराईक ने जानकारी देते हुए बताया कि एम/एस हिमानी गोयल, गोविल निवास, टॉप फ्लोर, हिमलैंड होटल के सामने, शिमला में यह साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव, ऑपरेशन एग्जीक्यूटिव तथा कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के पदों पर भर्ती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए किसी भी विषय में स्नातक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। भर्ती के लिए महिला एवं पुरुष दोनों पात्र होंगे। उम्मीदवारों में अच्छे संवाद कौशल को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही एमएस ऑफिस, गूगल शीट्स और गूगल डॉक्स का बुनियादी ज्ञान होना आवश्यक है। टेली-कॉलिंग, सेल्स अथवा बिजनेस डेवलपमेंट के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को विशेष प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों का रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकरण होना अनिवार्य है। जिन युवाओं ने अभी तक पंजीकरण नहीं करवाया है, वे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eemis.hp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने पात्र एवं इच्छुक युवाओं से आग्रह किया कि वे 5 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित स्थल पर अपने सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों और बायोडाटा सहित उपस्थित हों तथा इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 8350989895 पर संपर्क कर सकते हैं।











