सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 29 नवम्बर
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने किया योजना का शुभारंभ, प्रिंसिपल्स एवं टीचर्स कॉन्क्लेव में 100 से अधिक शिक्षाविदों ने लिया भाग
सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली (पूर्व में सीजीसी झांजेरी) ने शैक्षणिक सत्र 2027–28 के लिए हिमाचल प्रदेश में 100 करोड़ रुपये की CGCUET छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ किया। कुल्लू स्थित होटल सिटी चॉइस इन में आयोजित कार्यक्रम में कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए छात्रवृत्ति योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित प्रिंसिपल्स एवं टीचर्स कॉन्क्लेव में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक स्कूल प्रिंसिपलों और वरिष्ठ शिक्षाविदों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीजीसी यूनिवर्सिटी के जनरल मैनेजर (एडमिशन्स एवं मार्केटिंग) डॉ. हितेश कलोटा ने किया।
यूनिवर्सिटी की इस छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य मेधावी एवं योग्य विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना है, ताकि आर्थिक परिस्थितियां उनकी उच्च शिक्षा और करियर की राह में बाधा न बनें। यूनिवर्सिटी ने इस वर्ष अपनी छात्रवृत्ति राशि को पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर 100 करोड़ रुपये कर दिया है।
छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों का चयन शैक्षणिक प्रदर्शन, CGCUET परीक्षा में प्राप्त अंकों, नेतृत्व क्षमता, स्कूल की विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी, उपलब्धियों, पुरस्कारों एवं सम्मानों के आधार पर किया जाएगा। जहां लागू होगा, वहां संबंधित कार्य अनुभव को भी चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
कॉन्क्लेव के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), उच्च शिक्षण संस्थानों का चयन, करियर आधारित पाठ्यक्रम, शिक्षा के क्षेत्र में उभरते रुझान तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों की बदलती अपेक्षाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच संवाद की कमी तथा इसे दूर करने में शिक्षकों की भूमिका पर भी विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. हितेश कलोटा ने शिक्षकों एवं स्कूल प्रिंसिपलों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को एक साथ शामिल करते हुए काउंसलिंग सत्र आयोजित करें। इससे विद्यार्थियों को भविष्य और करियर से जुड़े निर्णय लेने में बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार के लिए स्कूलों एवं विश्वविद्यालयों के बीच मजबूत सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर सीजीसी यूनिवर्सिटी के चांसलर राशपाल सिंह धालीवाल ने कहा कि उच्च शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में महत्वपूर्ण निवेश है। आर्थिक कठिनाइयां विद्यार्थियों के सपनों और आकांक्षाओं के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से छात्रवृत्ति योजना का विस्तार कर इसे 100 करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया है, ताकि अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
वहीं, यूनिवर्सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर अर्श धालीवाल ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और भविष्य के पेशेवरों एवं नेतृत्वकर्ताओं के लिए नए अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2012 में स्थापित सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित करती है। यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षा, उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कुल्लू में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से यूनिवर्सिटी ने हिमाचल प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहभागिता बढ़ाने और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में अपनी पहल प्रस्तुत की।











