केलांग में नशा मुक्त भारत अभियान को मिली रफ्तार, उपायुक्त निवेदिता नेगी ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

केलांग, 29 नवंबर

नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह के तहत उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति निवेदिता नेगी ने लाहौल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने छात्रों से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय करने और अपने करियर के प्रति गंभीर रहते हुए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें। इससे ही सर्वांगीण विकास संभव है।

अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता और नारा लेखन जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ संदेश देने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। इसके अलावा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हो रहा है।

डीसी नेगी ने विद्यार्थियों से खुद नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशा मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *