हिमाचल : राशन से लेकर बिजली-पानी तक महंगाई की मार, भाजपा ने सुक्खू सरकार को घेरा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू, 29 नवंबर

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन और जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया है। कुल्लू में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य पर कर्ज और देनदारियों का बोझ करीब 1,10,010 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिसकी भरपाई सरकार महंगाई बढ़ाकर कर रही है।

कपूर ने आंकड़े रखते हुए बताया कि राशन डिपुओं में एपीएल परिवारों के लिए चावल 13 से बढ़ाकर 15 रुपये और आटा 12 से बढ़ाकर 14.50 रुपये प्रति किलो कर दिया गया। एनएफएसए परिवारों के लिए चीनी 13 से 20 रुपये प्रति किलो हो गई, जो 54% की वृद्धि है।

स्टांप ड्यूटी में भी 30% की बढ़ोतरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सामान्य शपथ पत्र 10 रुपये में बनता है, जबकि हिमाचल में इसकी दर 100 रुपये कर दी गई है। 20 लाख की संपत्ति के ‘एग्रीमेंट टू सेल’ पर अब शुरुआती स्तर पर ही 41 हजार रुपये स्टांप ड्यूटी देनी पड़ रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में ग्रामीण क्षेत्रों को मिली पानी बिल में छूट खत्म कर 110 रुपये प्रतिमाह बिल लागू कर दिया गया। शहरी व व्यावसायिक उपभोक्ताओं के पानी-सीवरेज बिल 3 से 4 गुना तक बढ़े हैं।

बिजली पर सब्सिडी घटाने के साथ मिल्क सेस, पर्यावरण उपकर, स्वच्छता शुल्क और फ्यूल चार्ज जोड़ने से बिलों में चार गुना तक वृद्धि हुई है। इससे प्रदेश के लगभग 24 लाख घरेलू उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं।

कपूर ने कहा कि एचआरटीसी बसों का न्यूनतम किराया 100% बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया। डीजल पर वैट करीब 7 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया गया और पेट्रोल-डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर नया सेस लगाया गया। प्रवेश कर व सीमेंट के दाम बढ़ने से आम आदमी के लिए घर बनाना मुश्किल हो गया है।

अखिलेश कपूर ने सरकार से मांग की कि उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा की दरों का तुलनात्मक विवरण सार्वजनिक किया जाए और बढ़ी हुई दरों को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि राशन से लेकर स्टांप ड्यूटी, बिजली-पानी, सीमेंट और बस किराए तक सुक्खू सरकार ने जनता की कमर तोड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *