वल्लभ कॉलेज मंडी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएं पूर्व छात्र : जयराम ठाकुर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, मंडी

वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के एलुमनाई एसोसिएशन (पूर्व छात्र संघ) द्वारा आयोजित पहले वार्षिक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव और पूर्व मंत्री एवं सदर के विधायक अनिल शर्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अपने कॉलेज के पुराने दिनों को याद करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद अपने कॉलेज के प्रांगण में आकर और पुराने साथियों व पूर्व छात्रों के बीच बैठकर जो प्रसन्नता हो रही है, उसे शब्दों में बयां करना कठिन है। उन्होंने कहा कि जब उनके सामने पहली बार पूर्व छात्रों के इस मिलन समारोह का आग्रह आया, तो उन्होंने बिना किसी देरी के तुरंत अपनी सहमति दे दी थी। कुछ कारणों से यह कार्यक्रम दो-तीन बार स्थगित होता रहा, लेकिन अंततः सभी के प्रयासों से एक तारीख तय हो गई।

एलुमनाई एसोसिएशन के इस पहले प्रयास की सराहना करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल पुरानी यादें ताजा होती हैं, बल्कि वर्तमान में पढ़ रहे विद्यार्थियों को भी अपने वरिष्ठों के अनुभवों से प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी पूर्व छात्रों से आह्वान किया कि वे महाविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए सदैव तत्पर रहें।

अपने छात्र जीवन (1987 बैच) के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर वर्ष 1948 में स्थापित हिमाचल प्रदेश के इस पहले महाविद्यालय ने प्रदेश और देश को अनगिनत राजनेता, प्रशासक, डॉक्टर, इंजीनियर, न्यायाधीश, सैनिक और समाजसेवी दिए हैं। उन्होंने साझा किया कि एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर जब वे इस महाविद्यालय में पढ़ने आए थे, तो यहीं से उनके व्यक्तित्व का निर्माण हुआ। छात्र राजनीति और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें नेतृत्व करने और समाज को समझने की पहली सीख इसी प्रांगण से मिली। आज वे जिस भी मुकाम पर पहुंचे हैं, उसकी नींव वल्लभ कॉलेज मंडी ने ही रखी है।

जयराम ठाकुर ने एलुमनाई एसोसिएशन की पूरी कार्यकारिणी को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की असली ताकत उसके पूर्व छात्र होते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि देश-विदेश में उच्च पदों पर आसीन वल्लभ कॉलेज के पूर्व छात्रों को एक मजबूत नेटवर्क तैयार करना चाहिए, जिससे महाविद्यालय के बुनियादी ढांचे के विकास और वर्तमान में पढ़ रहे हजारों विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन में सीधा सहयोग मिल सके।

उन्होंने कहा कि जब उन्हें पता चला कि इस महाविद्यालय में छात्र संख्या प्रदेश के दूसरे सभी कॉलेजों से ज्यादा है तो उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश को दूसरी यूनिवर्सिटी मंडी देने का फैसला किया, जो आज मूर्त रूप लेकर मंडी और आसपास के जिलों के बच्चों के घर-द्वार उच्च शिक्षा के सपनों को साकार कर रही है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार और एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. हेमराज राणा ने मुख्यातिथि जयराम ठाकुर, विशिष्ट अतिथियों और सभी पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने पुराने शिक्षकों और सहपाठियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाए और कॉलेज कैंटीन से लेकर क्लासरूम तक के किस्से साझा किए। समारोह में एलुमनाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सेवानिवृत्त प्राध्यापकों, वर्तमान संकाय सदस्यों और बड़ी संख्या में पूर्व व वर्तमान विद्यार्थियों ने भाग लिया।
पुरानी मंडी में सुना लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात”
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदर विधायक अनिल शर्मा के साथ पुरानी मंडी बूथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” का 140वां एपिसोड सुना। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश साफ है, भारत में नशे के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। देश में नशा हारेगा और हम जीतेंगे। नशे के खिलाफ लड़ाई में अपना सक्रिय सहयोग देकर 2029 तक भारत को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को साकार करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *