कंडाघाट में टैक्सी से 36.97 ग्राम चिट्टा बरामद, कुल्लू और रामपुर के दो युवक गिरफ्तार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 
सोलन, 29 नवम्बर

जिला पुलिस की विशेष जांच इकाई (SIU) टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कंडाघाट क्षेत्र में एक किराये की टैक्सी से 36.97 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कंडाघाट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को SIU टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कंडाघाट क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान एक किराये की टैक्सी को जांच के लिए रोका गया। टैक्सी की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से कुल 36.97 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरि सिंह (30) पुत्र जिया लाल, निवासी गांव शानी, डाकघर तांदी, तहसील आनी, जिला कुल्लू तथा संजय उर्फ बाबू (24) पुत्र बन्दे कजर, निवासी पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के समीप, पाट बंगला, रामपुर बुशहर, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना कंडाघाट में एफआईआर संख्या 91/2026, दिनांक 28 नवंबर 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की। इसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस के अनुसार, आगामी जांच के लिए दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत रिमांड पर लेने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी।

पुलिस दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मामले में यह पता लगाने के लिए आगामी अन्वेषण जारी है कि बरामद नशीले पदार्थ की आपूर्ति कहां से की गई थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *