सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल घाटी के लोगों की सुविधा के लिए मुल्थान में लगभग नौ करोड़ रुपये की स्वीकृत धनराशि से निर्मित लघु सचिवालय का निर्माण कार्य पूरा हुए करीब छह माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक इसका लोकार्पण नहीं हो पाया है। इससे घाटीवासियों में निराशा के साथ-साथ कई सवाल भी उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में 6 दिसंबर 2021 को तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस लघु सचिवालय का शिलान्यास किया था। इस अवसर पर बैजनाथ के तत्कालीन विधायक मुलख राज प्रेमी, कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के तत्कालीन सांसद किशन कपूर तथा तत्कालीन राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी भी मौजूद रहे थे। करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर करवाया गया और अब यह पूरी तरह तैयार है।
धरमान पंचायत के पूर्व प्रधान एवं बैजनाथ पंचायत समिति के अध्यक्ष संजय ठाकुर ने कहा कि लघु सचिवालय मुल्थान के शुरू होने से छोटाभंगाल घाटी के लोगों को बड़ी राहत मिलनी थी। वर्तमान में घाटीवासियों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के लिए लगभग 60 से 80 किलोमीटर दूर बैजनाथ स्थित सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। लघु सचिवालय शुरू होने से लोगों को मुल्थान में ही एक छत के नीचे विभिन्न प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकती थीं।
उन्होंने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर घाटी की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छोटाभंगाल घाटी के लगभग सभी सरकारी संस्थानों में विभिन्न पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। इससे लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संजय ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि पूरी तरह तैयार हो चुके लघु सचिवालय मुल्थान का जल्द से जल्द लोकार्पण करवाकर इसे जनता को समर्पित किया जाए। इसके साथ ही घाटी के विभिन्न सरकारी संस्थानों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए, ताकि दुर्गम क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार के नजदीक बेहतर सरकारी सुविधाएं मिल सकें।











