कुल्लू जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनौन में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से संपन्न

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

​सैंज/कुल्लू, 29 नवंबर

कुल्लू जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनौन में वार्षिक पारितोषिक वितरण एवं विद्यार्थी सम्मान समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में जिला परिषद सदस्य गिरधारी चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति ने फूलमालाओं व ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

​कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक पाठशाला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्राथमिक विद्यालय के नन्हें विद्यार्थियों की कुलवी नाटी समारोह का विशेष आकर्षण रही। इस दौरान पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि गिरधारी चौहान ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और पढ़ाई के साथ खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी से उनका सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया तथा विद्यालय में स्टाफ की कमी व अन्य मांगों को सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

​विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू ठाकुर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर स्कूल की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य उपलब्धियों का ब्योरा रखा। ग्राम पंचायत कनौन के प्रधान प्रीतम सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए स्कूल प्रबंधन समिति को 11,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी। वहीं, विद्यालय को गोद लेने वाले सैंज घाटी के पूर्व डीएसपी रामदेव ठाकुर ने विद्यार्थियों को नशे व भ्रष्टाचार से दूर रहकर नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया और स्कूल प्रबंधन समिति को 5,000 रुपये की राशि प्रदान की।

मंच संचालन स्कूल के डीपी रमेश नेगी ने किया, जिन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और नैतिक शिक्षा का महत्व समझाया। इस अवसर पर सैंज आईटीआई के अध्यक्ष मोती राम पालसरा, सुरेंद्र पाल, कॉल सिंह, पिंकू चौहान, उपप्रधान योगेंद्र पाल, वार्ड पंच, बीडीसी सदस्य लोत राम भंडारी, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष नर्वदा ठाकुर, प्राथमिक पाठशाला मुख्याध्यापक अमर सिंह भारद्वाज, दोनों विद्यालयों के अध्यापक, अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *