सुरभि न्यूज़
शिमला, 29 नवंबर
हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में अब तक 2,68,128 किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं, जबकि 61,156 हेक्टेयर कृषि भूमि पर इस पद्धति से उत्पादन किया जा रहा है। यह जानकारी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय प्राकृतिक खेती एवं कीटनाशक कृषि पर विशेष कार्यक्रम के दौरान दी।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों को प्रोत्साहित करने के साथ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित किया है।
उन्होंने बताया कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आगामी वर्ष से प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी का एमएसपी 150 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये प्रति किलोग्राम तथा गेहूं का एमएसपी 80 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये प्रति किलोग्राम किया जाएगा। वहीं, प्राकृतिक खेती से उत्पादित अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी की है। इसके तहत गेहूं का समर्थन मूल्य 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये, मक्की का 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये, जौ का 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये तथा हल्दी का 90 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया था।
पंचायती राज मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती का दायरा प्रदेश में लगातार बढ़ रहा है। किसानों को इस पद्धति से जोड़ने के लिए पिछले तीन वर्षों में सरकार ने विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम लागू किए हैं। इनमें राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना (RGPK3Y), भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति (BPKP), कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (ATMA) योजना तथा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (NMNF) प्रमुख हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग भी दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और कृषि ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार पिछले चार वर्षों से किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल किसानों की आमदनी बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे कृषि को टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में भी मदद मिलती है। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़कर प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करना है।











