सुरभि न्यूज़
सी आर शर्मा, आनी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी की एक बैठेक विश्राम गृह आनी में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी के अध्यक्ष युपेंद्र कांत मिश्रा ने की। बैठक में आनी कॉंग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।बैठक में हाल ही सम्पन्न हुए चुनावों को लेकर समीक्षा की गई और आनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी की हार पर मंथन किया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक में उपस्थित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एकमत से निर्णय लिया कि आनी विधानसभा क्षेत्र के गुमराह हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी में इज्जत मान के साथ शामिल किया जाए। लेकिन उन्हें गुमराह करने वाले लोगों को किसी भी हालत में माफ न किया जाए, बल्कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी राजीव शुक्ला के समक्ष उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लाने की सिफारिश की जाएगी।
युपेंद्र कांत मिश्रा ने कहा कि आनी में कांग्रेस हारी नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी द्वारा जिन लोगों को पिछले 40-45 वर्षों से सिर आंखों पर बिठाकर ऊंचे पद दिए गए, उन जैसे लोगों ने जानबूझकर हराया है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी आनी कांग्रेस की हार ऐसे ही लोगों की वजह से हुई है और इस बार भी कांग्रेस के लोगों की वजह से ही आनी से भाजपा का विधायक जीत गया। जिसको लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के हर एक कार्यकर्ता में रोष है।
इससे पूर्व प्रदेश में कांग्रेस की प्रचंड बहुमत से बनी सरकार को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित शीर्ष नेतृत्व को बधाई संदेश का प्रस्ताव भी पारित किया गया।