पेड़-पौधों का महत्व सीधे तौर पर मनुष्य के जीवन से जुड़ा है, मनुष्य को पेड़-पौधे ही देते है प्राण वायु-डाॅ. किस्मत कुमार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

विजय उपाध्याय, बिलासपुर

एम्स कोठीपुरा में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को अस्पताल परिसर में संबंधित डाॅक्टर, ओपीडी अथवा किसी अन्य जगह पहुँचने चने के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। सामाजिक संस्था सेवा भारती ने एम्स परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किया है। इस हेल्प डेस्क में मौजूद रहने वाले सेवा भारती के वालंटियर मरीजों को संबंधित डाॅक्टर या ओपीडी आदि तक पहुंचाने में मदद करेंगे। वहीं, मरीजों की सुविधा के लिए सेवा भारती ने एम्स में एंबुलेंस सेवा भी शुरू की है। यह एंबुलेंस ‘नो प्राॅफिट-नो लाॅस’ बेस पर सेवाएं देगी।

सेवा भारती की बिलासपुर जिला इकाई और एम्स प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में इन दोनों सुविधाओं का शुभारंभ किया गया। एम्स के कार्यकारी निदेशक डाॅ. वीर सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में रामप्रताप दाखादेवी चेतराम धर्मार्थ ट्रस्ट के प्रदेश सचिव डाॅ. किस्मत कुमार ने मुख्य अतिथि, जबकि बिलासपुर सदर के एसडीएम आईएएस आफिसर अभिषेक गर्ग ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए इन दोनों सेवाओं का शुभारंभ किया।

इस दौरान एम्स परिसर में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 1000 पौधे भी लगाए गए। अपने संबोधन में डाॅ. किस्मत कुमार ने कहा कि पौधा लगाने का अर्थ मिट्टी से जुड़ना है। प्रकृति से मनुष्य का संबंध उसकी जीवन शैली में है। मनुष्य का व्यवहार प्रकृति के अनुरूप होना चाहिए। मनुष्य खुद को हमेशा प्रकृति के साथ समायोजित करता है और ऐसा करना भी चाहिए। भारत की जीवन पद्धति भी प्रकृति के अनुरूप है।

जीवन में प्रकृति के अनुरूप व्यवहार विवाह समेत अन्य अवसरों पर वृक्ष की पूजा करने जैसे संस्कारों से जुड़ा है। पेड़-पौधों का महत्व सीधे तौर पर मनुष्य के जीवन से जुड़ा है, क्योंकि पेड़-पौधे ही प्राण वायु देते है। लिहाजा सृष्टि में पेड़-पौधों का संबंध सीधा जीवन से जुड़ा है। तथा पौधे का जीवन मिट्टी से जुड़ा है। जाहिर है कि पौधा लगाने पर मनुष्य सीधा मिट्टी से जुड़ता है।

डाॅ. किस्मत कुमार ने कहा कि एक सेवा राजकीय सेवा होती है और दूसरी सेवा अपनी घर-गृहस्थी से समय निकालकर निस्वार्थ भाव से समाज व देश के लिए काम करना है। सेवा भारती और रामप्रताप दाखादेवी चेतराम धर्मार्थ ट्रस्ट समाज में इसी भाव को लेकर कार्य कर रहे हैं। एम्स में हेल्पडेस्क स्थापित करने का उद्देश्य लोगों की मदद करना है। इसी तरह रामप्रताप दाखादेवी चेतराम धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा संचालित एंबुलेंस सेवा भी मरीजों की सुविधा के लिए शुरू की गई है।

इस मौके पर डाॅ. संजय विक्रांत, जिला सेवा प्रमुख शिव कुमार, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डाॅ. दिनेश शर्मा, रामप्रताप दाखादेवी चेतराम धर्मार्थ ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष सरदार गुरुदयाल सिंह, सेवा भारती के प्रांत संगठन मंत्री राकेश कुमार, नर्सिंग कॉलेज प्रिंसिपल डाॅ. आदित्य शर्मा समेत स्टाफ के अन्य सदस्य, स्टूडेंट तथा सामाजिक संस्थाओं व्यास चेरिटेबल ट्रस्ट, मारकंडेय सेवा संस्था, कहलूर सेवा संस्था, नेहा मानव सोसायटी, जिला ट्रक ऑपरेटर सोसायटी, दरिद्र नारायण समिति, चेतना संस्था, रोटरी क्लब, कामधेनु ट्रस्ट, संयुक्त व्यापार मंडल, सतलुज सेवा ट्रस्ट व युवक मंडल पनोह के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *