सुरभि न्यूज़
विजयराज उपाध्याय, बिलासपुर
बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल ने बरसात के इस मौसम में भी पानी की किल्लत पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर इलाकों में लोगों को तीसरे-चैथे दिन पानी की सप्लाई दी जा रही है। बिलासपुर शहर में भी हालात लगभग ऐसे ही हैं। इसकी वजह से लोगों को अत्याधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल शक्ति विभाग को सलाह दी कि पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाए जाएं। जिला प्रशासन को भी इस समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए।
शनिवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से काफी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित भाजपा कार्यालय में विधायक त्रिलोक जम्वाल से मुलाकात करने पहुंचे। ज्यादातर लोगों की समस्या पानी से संबंधित थी। उनका कहना था कि बरसात के इस मौसम में भी उन्हें पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
जल शक्ति विभाग की ओर से तीसरे-चैथे दिन पानी की आपूर्ति की जा रही है। बारिश हो जाए तो कई बार नलों से मटमैला पानी आने लगता है, जो पीने या खाना बनाने तो दूर, कपड़े धोने लायक नहीं होता। ऐसे पानी के सेवन से जलजनित बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। विभाग को समस्या से कई बार अवगत करवाने के बावजूद स्थिति जस की तस है। उन्हें जेब से पैसे खर्च करके पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
लोगों से मुलाकात के बाद जम्वाल ने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि हालांकि कई बार जोरदार बारिश से खड्डों का जलस्तर बढ़ने से पेयजल योजनाएं प्रभावित होती हैं। भाजपा सरकार के समय भी कई बार इस तरह के हालात पैदा हो जाते थे, लेकिन लोगों की सुविधा के मद्देनजर पानी की वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत प्रभाव से की जाती थी।
इसके विपरीत मौजूदा सरकार के समय कई दिनों बाद भी लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। बेहतर होगा कि जल शक्ति विभाग लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका समाधान जल्द करे। पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं।









