राष्ट्रिय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आपदा प्रभावितों के लिए भेजी खाद्य सामग्री 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

विजयराज उपाध्याय, बिलासपुर

प्राकृतिक आपदा से उबरने के लिए हिमाचल को केंद्र से लगातार मदद दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जरूरतमंद लोगों के लिए खाद्य सामग्री भी भेजी है। जेपी नड्डा द्वारा अपने गृह जिला बिलासपुर के सैकड़ों प्रभावित लोगों की मदद के लिए भेजी गई दालें, आटा व चावल खाद्य सामग्री की पहली खेप पहुंची। भाजपा और समाजसेवी चेतना संस्था के माध्यम से इस सामग्री के आवंटन की प्रक्रिया भी तुरंत प्रभाव से शुरू कर दी गई है।

एक-एक महीने के राशन की इन किटों को जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों के आपदा प्रभावित और जरूरतमंद परिवारों तक पंहुंचाने  की प्रक्रिया भी तत्काल शुरू कर दी गई है। यह सारी सामग्री भाजपा और बिलासपुर की समाजसेवी चेतना संस्था के माध्यम से वितरित की जा रही है।

सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, चेतना संस्था के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, महासचिव हरीश नड्डा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य स्वदेश ठाकुर और सदर मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर ने प्रभावित परिवारों के लिए मदद भेजने पर जेपी नड्डा का आभार जताया है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले कोरोना महामारी के दौरान भी जेपी नड्डा ने सेनेटाइजर, मास्क, पीपीई किट, ग्लव्स और आक्सीमीटर जैसी सामग्री के साथ ही जरूरतमंदों की मदद के लिए खाद्य सामग्री भी भेजी थी।

इसी कड़ी में अब उन्होंने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए लोगों के लिए मदद भेजी है। भाजपा कार्यकर्ताओं और चेतना संस्था के वालंटियर्स के माध्यम से यह सामग्री जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों सदर, घुमारवीं, झंडूता और नयनादेवी के जरूरतमंद लोगों तक वितरित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *