चुनाव आचार संहिता लगते ही 24 घंटे के भीतर हटानी होगी प्रचार सामग्री-मनीश चौधरी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ ब्युरो

जोगिन्दर नाग, 17 फरवरी

सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता लगते ही सभी प्रकार की प्रचार सामग्री को सरकारी भवनों से 24 घंटे के भीतर हटाना होगा। इसके अलावा निजी भवनों में लगी सभी प्रकार की प्रचार सामग्री को भी 72 घंटों के भीतर हटाना होगा। एसडीएम आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर जोगिन्दर नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से गठित आदर्श चुनाव आचार संहिता स्टैंडिंग कमेटी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने आदर्श चुनाव आचार संहिता स्टैंडिंग कमेटी को निर्देश देते हुए कहा कि आचार संहिता लगते ही सभी सरकारी भवनों से 24 घंटे के भीतर तथा निजी भवनों से 72 घंटे के भीतर सभी प्रकार की प्रचार सामग्री को हटाना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रचार सामग्री में सभी प्रकार के बैनर, होर्डिंग, नारा लेखन, दीवार लेखन इत्यादि शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विभाग अपने भवनों में लगी विभिन्न प्रकार की प्रचार सामग्री को निर्धारित समय के भीतर स्वयं हटाना सुनिश्चित बनाएंगे। इसके अलावा आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद केवल जिला निर्वाचन अधिकारी या सहायक निर्वाचन अधिकारी की अनुमति पर ही राजनैतिक दल प्रचार सामग्री को प्रदर्शित कर सकेंगे।

मनीश चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता लगते ही केवल उन्हीं विकास निर्माण कार्यों को अनुमति रहेगी जो पहले से ही चले होंगे। इसके अलावा कोई भी नया विकास कार्य शुरू नहीं किया जा सकेगा। साथ ही सभी विभागों को चल रहे विभिन्न विकास निर्माण संबंधी कार्यों की सूची भी तैयार रखने के निर्देश दिये हैं।

बैठक में कमेटी के नोडल अधिकारी महेंद्र सिंह के अतिरिक्त समिति के अन्य सदस्य ई. पी.सी. सूर्या, डॉ. रोशन लाल कौंडल, राजेश जसवाल, विपिन कुमार, लाल चंद, चुनाव सहायक मोहन सिंह तथा कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *