सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
शनिवार के दिन प्रदेश द्वारा पेश किए गए दूसरे बजट को छोटा भंगाल व चौहार घाटी के कई लोगों ने सराह भी है और कई लोगों ने इस बज़ट को नकारा भी है। इस बज़ट के प्रति छोटाभंगाल व चौहार घाटी के लोगों की प्रतिक्रिया में छोटाभंगाल घाटी के कोठी कोहड़ पंचायत के कोठी कोहड़ के बैजनाथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष सीता राम ठाकुर का कहना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पेश किया गया बज़ट बेहद सराहनीय रहा है। गत वर्ष बरसात के समय आई भयंकर आपदा के बावजूद भी इस बजट में प्रदेश के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। मुख्यमंत्री ने छोटाभंगाल घाटी अग्निशमन केन्द्र खोलने की जो बात कही है जिसके चलते छोटाभंगाल घाटी के समस्त लोग खुश है।

छोटाभंगाल घाटी ही धरमान पंचायत के गाँव नेर के निवासी व बैजनाथ भाजपा के उपाध्यक्ष संजय ठाकुर का कहना है कि यह बज़ट आम लोगों के लिए निराशाजनक रहा है। इस बज़ट में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने आप में बहुत ही तेज़ी से उभर रही छोटाभंगाल घाटी को पर्यटन के लिहाज़ से विकसित करने की कोई भी बात नहीं की है।

चौहार घाटी में स्थित आंगनबाडी केन्द्र बरोट की कार्यकर्ता सकीना देवी का कहना है कि इस बज़ट में आंगनबाडी कार्यकर्ताओं के वेतन में बढ़ोतरी करना बेहद सराहनीय कदम है। प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।

चौहार घाटी की बरोट पंचायत थुजी गाँव के निवासी व पूर्व सूबेदार रामसरन चौहान का कहना है कि प्रदेश सरकार ने जो बज़ट पेश किया है उसमें किसानों, महिलाओं व कर्मचारियों सहित मंरेगा मजदूरों को भी लाभ मिलेगा। इस बज़ट में मनरेगा के तहत किए जाने वाले कार्यों की दिहाड़ी को बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की गेहूँ तथा दूध की कीमत को बढ़ाने का जो प्रावधान किया है वह बेहद सराहनीय कदम है उससे किसानों, बेरोजगार युवाओं व महिला वर्ग को लाभ मिलेगा।

जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी सुभाष ठाकुर ने प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए इस बज़ट को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के चलते कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को जो दस गारंटियों का प्रलोभन देकर सता संभाली है। जिस तरह वे सभी गारंटियाँ प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक पूरी ही नहीं की गई उसी तरह आने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर भी प्रदेश की जनता को झूठे प्रलोभन वाला ही बजट पेश किया गया है। लेकिन अब जनता कांग्रेस के झूठे प्रलोभन में फंसने वाली नहीं है।










