सुरभि न्यूज़ ब्यूरो
कुमारसैन, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिला के कुमारसैन में 4.26 करोड़ से निर्मित बस अड्डे का लोकार्पण किया। उन्होंने परिवहन निगम का सब डिपो खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए सरकार शीघ्र ही इस घोषणा को पूरा करेगी जिससे क्षेत्र में परिवहन सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित बस अड्डे से क्षेत्र की 28 पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। इस बस अड्डे से प्रतिदिन 41 बस रूट संचालित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी गांवों में बसती है और इसे मद्देनज़र रखते हुए बजट 2024-25 में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश में पहली बार गाय व भैंस के दूध की खरीद पर न्यून्तम समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है। गाय के दूध पर 45 रुपए और भैंस के दूध पर 55 रुपए समर्थन मूल्य प्रदेश सरकार द्वारा पशुपालकों को प्रदान किया जा रहा है। इसी प्रकार प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस पद्धति द्वारा उगाए गए गेहूं व मक्का की पैदावार के लिए भी 40 रुपये व 30 रुपये प्रतिकिलो का समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है।
इससे पूर्व, विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें स्थानीय मांगों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास कांग्रेस की सरकारों ने सुनिश्चित किया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत प्रदेश परिवहन निगम के अधिकारियों और स्थानीय कांग्रेस कमेटी की ओर से किया गया।
इस अवसर पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, वन निगम उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, पचांयती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अतुल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।