4 अप्रैल, 1905 कांगड़ा भूकंप त्रासदी की याद में मिनी सचिवालय परिसर जोगिन्दर नगर में आयोजित हुई मॉक ड्रिल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ ब्युरो

जोगिन्दर नगर, 04 अप्रैल

4 अप्रैल, 1905 को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा घाटी में आए विनाशकारी भूकंप की याद में आज मिनी सचिवालय परिसर जोगिन्दर नगर में भूकंप सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस पूर्वाभ्यास के दौरान प्रातः 11 बजे आपातकालीन सायरन बजते ही मिनी सचिवालय परिसर स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भूकंप के चलते सुरक्षित जगह की ओर दौड़े। इस दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने-अपने कमरों के भीतर सुरक्षित स्थानों जिसमें टेबल इत्यादि के नीचे छिप कर स्वयं को सुरक्षित बनाया। इसके उपरान्त सभी अधिकारी व कर्मचारी स्थिति सामान्य होने पर स्वयं को सुरक्षित कवर देते हुए अपने-अपने कमरों से बाहर निकलकर मिनी सचिवालय के प्रांगण में एकत्रित हुए।

इस बीच पूर्वाभ्यास के चलते भूकंप के कारण मिनी सचिवालय परिसर में फंसे लोगों का अग्रिशमन व गृह रक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने रेस्क्यू भी किया। इस आपदा के कारण घायल हुए लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया।

इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि 4 अप्रैल, 1905 को कांगड़ा में एक विनाशकारी भूकंप आया था। जिसके कारण जहां हजारों लोगों की मौत हो गई थी तो वहीं भारी संपति का भी नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि भूकंप की दृष्टि से हमारा क्षेत्र अति संवेदनशील श्रेणी में आता है। ऐसे में भूकंप सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं के प्रति लोगों को हमेशा सचेत व सतर्क रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भूकंप सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं के आने का कोई समय निर्धारित नहीं रहता है, ऐसे में जानमाल के नुकसान को कम करने के लिए भूकंप सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं के प्रति नागरिकों का जागरूक रहना बेहद जरूरी हो जाता है। उन्होंने बताया कि आज का पूर्वाभ्यास भी इसी कड़ी का एक हिस्सा है।

इस दौरान अग्रिशमन व होमगार्ड के अधिकारियों ने भी भूकंप सहित विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले विभिन्न सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी भी साझा की।
इस मौके पर तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा, नायब तहसीलदार प्रिंस धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *