अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव-2024 के दौरान लोक नृत्य प्रतियोगिता के लिए 08 अक्तूबर से पहले करवाएं पंजीकरण

Listen to this article
सुरभि न्यूज़ ब्यूरो
कुल्लू, 25 सितंबर

अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव-2024 के दौरान लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजन जिला भाषा अधिकारी कुल्लू सुनीला ठाकुर ने जानकारी दी कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का आयोजन 13 अक्तूबर से 19 अक्तूबर, 2024 तक किया जा रहा है। दशहरा उत्सव समिति द्वारा दशहरा उत्सव के दौरान दिन के समय लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में जिला कुल्लू के लोक नृत्य दलों की लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता प्रतिदिन 10 00 बजे से आरंभ होगी।

सुनीला ठाकुर ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले लोक नृत्य दलों के लिए मानक निर्धारित किये गये  हैं जिनके अनुसार लोक नृत्य दलों में कलाकारों की संख्या 22 से अधिक नहीं होगी, जिसमें दल के गायक /वादक/ नर्तक सम्मिलित होंगे। लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रदर्शन अवधि 10-ं12 मिनट होगी।
प्रतियोगिता में पारम्परिक नृत्य, गीत एवं वादन ही प्रस्तुत किया जाएगा तथा सम्बन्धित दल केवल अपने ही क्षेत्र में प्रचलित नृत्य, गीत एवं संगीत प्रस्तुत करेगा। विभिन्न क्षेत्रों का मिला-जुला लोक नृत्य/गायक दल/वादक दल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा। लोकनृत्य दलों द्वारा परम्परागत वाद्यों का प्रयोग ही किया जाएगा तथा नर्तकों/गायकों/वादकों के परिधान एवं आभूषण परम्परागत एवं मूल होने चाहिए।
निर्णायक मण्डल द्वारा लिया गया निर्णय अन्तिम व सर्वमान्य होगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले दलों को दशहरा समिति कुल्लू द्वारा ईनाम राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इस प्रतियोगिता में जिला कुल्लू के भाग लेने के इच्छुक लोकनृत्य दलों से निवेदन है कि दिनांक 8 अक्तूबर, 2024 से पहले जिला भाषा अधिकारी कार्यालय, देव सदन भवन, -ढालपुर, कुल्लू में अपना पंजीकरण करवाएं। अधिक जानकारी के लिये कार्यालय के दूरभाष न0 01902-ं222406 पर सम्पर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *