सुरभि न्यूज़
विनोद चड्ढा, कुठेड़ा : बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन द्वारा 18वीं सीनियर सर्कल स्टाइल राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए हिमाचल प्रदेश की टीमों का चयन करने के लिए ट्रायल रविवार को बिलासपुर जिला के भगेड़ स्कूल के परिसर में आयोजित किए गए। जिसमें प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों ने हिमाचल की टीम में स्थान पाने के लिए दम दिखाया।
एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव कृष्ण लाल ने बताया कि सर्किल स्टाइल कबड्डी एक अलग तरह का खेल है,जिसमें एक टीम में आठ खिलाड़ी होते हैं तथा पिच सर्किल में होती है । एक खिलाड़ी जो रेड के लिए जाता है उसे एक ही खिलाड़ी द्वारा रोका जाता है। इस तरह यह एक व्यक्तिगत खेल भी कहा जा सकता है।
महासचिव ने बताया कि हिमाचल में अभी कबड्डी की यह विद्या ज्यादा प्रचलित नहीं थी लेकिन अब खिलाड़ियों का रुझान इस ओर बढ़ने लगा है।
इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित अर्जुन अवॉर्डी एवं पदमश्री सम्मान प्राप्त भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान डीएसपी अजय ठाकुर ने भी प्रदेश के खिलाड़ियों से इस खेल के नियमों को समझने व इसमें बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई है कि यह खेल भी स्पोर्ट्स कोटा में शामिल होगी जिसका लाभ खिलाड़ियों को मिलेगा।
वहीं महासचिव ने बताया कि मंगलवार तक दोनों टीमों में चयनित खिलाड़ियों की घोषणा कर दी जाएगी तथा दोनों टीमें राष्ट्रीय सर्कल स्टाइल कबड्डी चैंपियनशिप जो 11 से 13 अप्रैल 2025 तक हरियाणा राज्य के चरखी दादरी में हो रही है। वहां हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस अवसर पर चयनकर्ताओं के रूप में साईं कोच पंकज कुमार शर्मा, एनआईएस कोच पूर्ण कटोच के अलावा मीरा कुमारी, अजय शर्मा, संदीप कुमार व एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी बीएल धर्माणी उपस्थित रहे।









