उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बरसात से हुए नुकशान की समीक्षा की, ज़िला कुल्लू प्रशासन किसी भी आपदा के लिए पूरी तरह सतर्क

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 26 अगस्त

जिला कुल्लू में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही वर्षा के कारण सड़कों, बिजली, पानी की योजनाओं तथा अन्य आवश्यक सेवाओं को हुए नुक़सान की समीक्षा के लिये उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने संबंधित विभागों के प्रमुखों, सभी उपमंडल अधिकारियों तथा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों से उनके विभागों को हुए नुक़सान और बहाली कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को मानसून की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पूर्ण रूप से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना या घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि छोटी से छोटी जानकारी भी जिला प्रशासन के साथ तुरंत साझा की जाए।

उपायुक्त ने सभी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके सभी सैटेलाइट फोन कार्यशील स्थिति में हों और किसी भी घटना की तुरंत सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) को दी जाए। साथ ही उन्होंने बांध प्रबंधन अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि बांधों से पानी छोड़ते समय सभी प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और इसकी पूर्व सूचना स्थानीय प्रशासन एवं जनता को समय रहते दी जाए।

बैठक में जिला के दूरदराज़ क्षेत्रों में खाद्य आपूर्ति की स्थिति पर भी विशेष चर्चा हुई। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को सभी डिपो में अग्रिम रूप से पर्याप्त राशन भंडारण करने और जमाखोरी न होने देने की सख़्त निगरानी करने के आदेश दिए गए।

उपायुक्त ने आम जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और अपने घरों में सुरक्षित रहें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल-फ्री नंबर 1077/01902-225630/31/32 पर तुरंत सूचित करें ताकि शीघ्र राहत एवं सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने लोगों से अपील कि नदियों, नालो का जलस्तर बहुत बढ़ा हुआ है इसलिये ऐसे स्थानों से दूर रहे। उन्होंने दुर्घटना सम्बंधित क्षेत्रों में पुलिस कर्मी भी तैनात करने के आदेश दिये।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चन्द्रन, एडीसी अश्वनी कुमार, सीएमओ डॉ. नागराज पवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *