सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कांगड़ा/बैजनाथ : 22 सितंबर
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कांगड़ा जिला विकास के मामले में पिछड़ गया है और पूर्व सरकार के समय शुरू किए गए विकास कार्यों को रोक दिया गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार के समय बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज, आईटीआई सहित कई संस्थान खोले गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही इनमें से अनेक संस्थानों को डीनोटिफाई कर दिया। उन्होंने दावा किया कि आईटीआई सकड़ी का भवन तैयार होने के बावजूद बंद पड़ा है, जबकि छोटा भंगाल का मिनी सचिवालय भी तैयार होने के बाद शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने बस अड्डे के कार्य पर रोक तथा पपरोला आयुर्वेदिक कॉलेज की स्थिति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। उन्होंने अपनी पूर्व सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वृद्धावस्था पेंशन का दायरा बढ़ाने से प्रदेश में करीब चार लाख नए पेंशनर जुड़े थे। इसके अलावा सहारा, शगुन, स्वावलंबन और गृहिणी जैसी योजनाएं शुरू की गईं तथा बिजली-पानी के बिलों में राहत और महिलाओं के लिए बस किराये में छूट जैसे फैसले लिए गए।
जयराम ठाकुर ने पंचायत चुनावों को लेकर कहा कि सरकार चुनाव नहीं करवाना चाहती थी, लेकिन भाजपा ने चुनाव करवाने के लिए न्यायालय तक लड़ाई लड़ी। उन्होंने दावा किया कि न्यायालय के निर्देशों के बाद पंचायत चुनाव संपन्न हुए और भाजपा प्रत्याशियों को व्यापक समर्थन मिला।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति जनता के विश्वास से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।
जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गई थीं और अब प्रदेश सरकार को 30 करोड़ रुपये जमा करने हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विश्वविद्यालय के लिए धन उपलब्ध कराने के बजाय मुख्यमंत्री के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से कार्यालय का निर्माण करवा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि विकास के लिए बड़े कार्यालय से ज्यादा जरूरी सही नीयत और सकारात्मक दृष्टिकोण है।
जनसभा में जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामरिक और अंतरिक्ष क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाए जाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण तथा चंद्रयान और गगनयान जैसे अभियानों का जिक्र किया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को भी भारत की रणनीतिक क्षमता से जोड़ते हुए इसका उल्लेख किया। जयराम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कांगड़ा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह विधायक विपिन सिंह परमार, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर शर्मा, पूर्व विधायक मुल्क राज प्रेमी, जिला प्रभारी विनोद ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता पंकज जम्वाल, पूर्व प्रदेश महामंत्री लोकेंद्र कपूर, जिला अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा, पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ संयोजक घनश्याम शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।











