मंडी जिला के औट में किसानों की सुविधा के लिए जल्द खुलेगी हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की शाखा – डोला सिंह महंत

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

डोला सिंह महंत, बाली चौकी
कुल्लू के भुंतर स्थित दि लोअर कुल्लू फल उत्पादक संघ के परिसर में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की विभिन्न योजनाओं को लेकर किसान-बागवान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बैंक के अध्यक्ष संजय चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा उपस्थित किसान-बागवानों और ऋणधारकों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

अध्यक्ष संजय चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की ओर से प्रदेशभर में किसान-बागवानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े ऋणधारकों को बैंक की योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक की OTS (One Time Settlement) योजना पात्र ऋणधारकों को पुराने ऋण खातों के निपटारे का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने पात्र ऋणधारकों से अपने संबंधित बैंक शाखा में संपर्क कर योजना की पात्रता, शर्तों और आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी लेने का आग्रह किया।

संजय चौहान ने कहा कि कुल्लू जिला कृषि और बागवानी की दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है। यहां के किसान-बागवान अपनी कड़ी मेहनत से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। बैंक का प्रयास है कि किसानों और बागवानों को बैंक की योजनाओं की सरल एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने बैंक अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी देते समय किसान-बागवानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैंक के निदेशक किशन ठाकुर ने कहा कि कुल्लू और मंडी जिला के किसान-बागवानों को OTS योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने जागरूकता शिविर के दौरान नशे के खिलाफ भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का नशे की ओर बढ़ता रुझान चिंता का विषय है। युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशीले पदार्थों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, बागवानी और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है।

कार्यक्रम के दौरान जिला कुल्लू सहकारी संघ के पूर्व उपाध्यक्ष एवं दि लोअर कुल्लू फल उत्पादक संघ भुंतर के सदस्य डोला सिंह महंत ने मुख्य अतिथि संजय चौहान का स्वागत किया। उन्होंने मांग उठाई कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजित किए जाएं, ताकि किसान-बागवान बैंक की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

डोला सिंह महंत ने क्षेत्र के किसान-बागवानों की सुविधा के लिए औट में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की शाखा खोलने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बंजार, कुल्लू और मंडी में बैंक की शाखाएं हैं, जबकि थाची, पंजाई, हनोगी, इलाका शनोर, ज्वालापुर, नाऊ-पनाऊ, टेपर-पनारसा, टकोली, नगवाईं, बालू, बजौरा, रोपा-राहला, हुरला, थरास-गड़सा, सैंज घाटी सहित आसपास के क्षेत्रों के किसान-बागवानों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूर जाना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि औट बाजार क्षेत्र के लिए केंद्र स्थल है। यहां बैंक की शाखा खुलने से हजारों किसान-बागवानों को ऋण, योजनाओं और अन्य बैंकिंग सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
डोला सिंह महंत की इस मांग का वरिष्ठ नेता घुंघर सिंह और महिमन शर्मा ने भी समर्थन किया। इस पर बैंक अध्यक्ष संजय चौहान ने मंच से ही मांग को स्वीकार करते हुए औट बाजार में शीघ्र बैंक शाखा शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही औट में बैंक शाखा का शुभारंभ किया जाएगा।

इस घोषणा के बाद डोला सिंह महंत ने कहा कि औट में बैंक शाखा खुलने से क्षेत्र के हजारों किसान-बागवानों को बड़ी सुविधा मिलेगी और उन्हें बैंक संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

कार्यक्रम में जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष अनिल सूद, बैंक निदेशक किशन ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भारतीय राष्ट्रीय मजदूर इंटक कांग्रेस महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष महिमन शर्मा, कांगड़ा सेंट्रल सहकारी बैंक की पूर्व निदेशिका एवं प्रदेश पंचायती राज की अध्यक्ष प्रेम लता ठाकुर, सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं कुल्लू, दि लोअर कुल्लू फल उत्पादक संघ के सदस्य चंद्रवलभ शर्मा, तारा चंद, दीपक भल्ला, भूप सिंह ठाकुर, पूर्व पार्षद संजय पठानिया, बैंक के एजीएम, बैंक प्रबंधक एवं अधिकारी-कर्मचारी, कृषि विभाग के एडीओ मदन सुदन, भुट्टिको बुनकर सहकारी सभा की मुख्य महाप्रबंधक सुरती देवी, सहकारिता विभाग की निरीक्षक नेहा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *