एनएचपीसी द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के अंतर्गत कवि सम्मेलन, वॉकथॉन और नुक्कड़ नाटक का किया आयोजन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, फरीदाबाद

एनएचपीसी द्वारा निगम मुख्यालय, फरीदाबाद में दिनांक 27.10.2025 से 02.11.2025 तक आयोजित किए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के दौरान आज दिनांक 29.10.2025 को कवि सम्मेलन, वॉकथॉन और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक, उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), संजय कुमार सिंह, निदेशक (परियोजनाएं), सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (तकनीकी), महेश कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त) तथा संतोष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी, एनएचपीसी ने दीप प्रज्ज्वलित करके कवि सम्मेलन का उद्घाटन किया।

समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक महोदय ने कहा कि एनएचपीसी के सभी कार्मिक सतर्क और सत्यनिष्ठ होकर जिम्मेदारी से अपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। सतर्कता को वर्ष भर अनुसरण करना चाहिए और हम इसे अपने कार्यों में अपना भी रहे हैं।

इन सतर्कता जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य भ्रष्टाचार के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना, समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा की संस्कृति को बढ़ावा देना है। सतर्क और जागरूक होकर अपने आधिकारिक कार्यों को करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कवि सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित करने के पश्चात उपस्थित भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक, उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), संजय कुमार सिंह, निदेशक (परियोजनाएं), श्री सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (तकनीकी),  महेश कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त) तथा संतोष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी, एनएचपीसी व अन्य अधिकारीगण।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संतोष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी, एनएचपीसी ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के इस वर्ष का थीम ‘सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी’ है। इसका तात्पर्य है कि हम सभी को मिलकर सतर्क और जागरूक होकर सतर्कता संबंधी नियमों का पालन करते रहना है।

कवि सम्मेलन में देश के जाने माने कवि उपेन्द्र पाण्डेय, अनिल अग्रवंशी, शैलेन्द्र मधुर तथा कवयित्री कल्पना शुक्ला ने वीर रस, शृंगार रस और हास्य रस की कविताओं से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इससे पूर्व आज एनएचपीसी निगम मुख्यालय, फरीदाबाद में वॉकथॉन का आयोजन किया गया। संजय कुमार सिंह, निदेशक (परियोजनाएं), सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (तकनीकी), महेश कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त) तथा संतोष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी, एनएचपीसी महोदयगण द्वारा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर सतर्कता जागरूकता का संदेश देने हेतु एक नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक का प्रस्तुतिकरण मित्र कल्चरल सोसाइटी, नई दिल्ली द्वारा किया गया। इन कार्यक्रमों में एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों तथा अन्य कार्मिकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के दौरान एनएचपीसी के सभी कार्यस्थलों पर निबंध लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ, चित्रकला प्रतियोगिता आदि जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *