हिमाचल से कुल्लू की बेटी मोरमा भारती जॉर्डन में एशियन महिला वॉलीबॉल टीम की बतौर कोच कर रहीं प्रतिनिधित्व

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, तीर्थन घाटी, गुशैनी

भारत की प्रतिभाशाली बेटियां एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने को तैयार हैं। भारत की अंडर-16 महिला वॉलीबॉल टीम जॉर्डन की राजधानी अम्मान में 1 से 8 नवंबर 2025 तक आयोजित हो रही दूसरी एशियन महिला अंडर-16 वॉलीबॉल चैम्पियनशिप में भाग ले रही है।

इस टीम में देशभर से चयनित युवा और प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी शामिल हैं, जो भारत का तिरंगा गर्व से अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराने जा रही हैं। इन खिलाड़ियों के साथ हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से तीर्थन घाटी गुशेनी की बेटी मोरमा भारती बतौर सहायक कोच टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

 

मोरमा भारती ने बताया कि उनके लिए यह बहुत गर्व की बात है कि उन्हें अम्मान (जॉर्डन) में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कोच के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में हिस्सा लेना उनका बचपन का सपना था, जो अब साकार हो गया है।

उन्होंने विशेष रूप से अपने पति अमित शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और सहयोग के बिना यह संभव नहीं हो पाता। साथ ही उन्होंने अपने पिता मेहर चंद, माता विद्यामनी और परिवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और हर कदम पर साथ दिया।

मोरमा भारती ने भारतीय वॉलीबॉल महासंघ के अध्यक्ष वीरेन्द्र कंवर, हिमाचल वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष नवीन शर्मा, महासचिव मदन राणा और कोच अंकुर शर्मा का भी आभार व्यक्त किया है, जिनके सतत मार्गदर्शन और प्रयासों से यह सफलता मिली है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश वॉलीबॉल संघ की ओर से भी टीम इंडिया को इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। संघ ने टीम के मुख्य कोच राजेश कुमार भारतीय नौसेना और हिमाचल की बेटी सहायक कोच मोरमा भारती को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

यह भारत और हिमाचल प्रदेश दोनों के लिए गर्व का क्षण है, जब इतनी कम उम्र की बेटियां खेल जगत में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। देशभर से खेल प्रेमियों ने इन उभरती हुई प्रतिभाओं को शुभकामनाएँ दी हैं कि वे इस एशियाई चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत का मान बढ़ाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *