जिला कुल्लू में सर्दियों की तैयारियों को लेकर उपायुक्त तोरूल रवीश ने आयोजित की बैठक 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 04 नवम्बर

जिला कुल्लू में सर्दियों की तैयारियों को लेकर उपायुक्त तोरूल रवीश ने आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता की।
 उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा इस संबंध में की गई तैयारियों की जानकारी एवं भविष्य में किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि मनाली- सरचू सड़क पर बीआरओ जहां मार्ग में अधिक अवरोध रहता हो उस प्रत्येक स्थान पर आवश्यक मशीनरी तैनात करें। सर्दियों के मौसम में जहां विभिन्न क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण सड़कें अवरुद्ध हो जाती हैं वहां, लोक निर्माण विभाग समय रहते जेसीबी और अन्य मशीनों को तैयार रखें।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि विभिन्न क्षेत्रों में जहां सड़कों के अवरुद्ध होने की संभावना रहती है वहां मशीनरी का इंतजाम कर दिया गया है और निजी ठेकेदारों से भी मशीनरी हायर की जाती है। जल शक्ति विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि सर्दियों के मौसम में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के इंतजाम किए गए हैं और पाइप लाइन के टूटने की स्थिति में पाइपों का आवश्यक भंडारण भी कर लिया गया है।
विद्युत विभाग की तरफ से यह जानकारी दी गई कि सभी लाइनों का निरीक्षण किया गया है और लाइनों के साथ लगते पेड़ों की प्रूनिंग एवं आवश्यक काट छांट का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की निर्देशित किया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए आवश्यक दवाओं का भंडारण कर लें और आवश्यकता पड़ने पर और भी आपूर्ति की व्यवस्था रखें।
उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि आवश्यकता के मुताबिक राशन एवं केरोसिन का भंडारण समय पर कर लें । शिक्षा विभाग की तरफ से जानकारी दी गई कि स्कूलों में सर्दियों के मौसम से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी गई हैं, जिनमें कि स्कूलों में तंदूर इत्यादि की व्यवस्था भी रहती है।
पशुपालन विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई कि बेसहारा गोवंश को सर्दियों के खतरे से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम कर दिए गए हैं, घास एवं आश्रय प्रदान करने के लिए गौ -सदनों में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वर्तमान में विभिन्न गौशालाओं में लगभग 900 गौवंश को आश्रय प्रदान किया जा रहा है तथा एक अक्टूबर से प्रति गौवंश 12 सौ रूपये की अनुदान सहायता सरकार द्वारा जारी की जायेगी।
उपायुक्त ने इस पर सभी उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं जाकर सभी गौ सदनों की व्यवस्थाओं का एक बार जायजा लें और सभी गौ सदन संचालकों के साथ एक बैठक का आयोजन कर इसमें संबंधित पंचायतों के प्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करें और उनकी समस्याओं का निराकरण करने का भी प्रयास करें।
उपायुक्त ने उपमंडल अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि बेघर नागरिकों और आश्रयहीन लोगों को बर्फबारी की स्थिति में चिन्हित किए गए आश्रय स्थलों पर आश्रय देना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने जिला ग्रामीण विकास अभिकरण को निर्देश दिए कि सभी पंचायतों को आवश्यक दवाओं, वाहन, राशन की व्यवस्था एवं टास्क फोर्स बनाकर तैयारियां करने के बारे में जागरूक करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने लोक निर्माण को विभागीय वाहनों को बर्फ हटाने के कार्य के लिए तैनात करने के भी निर्देश दिए और सभी विभागों के विभागीय भी वाहनों को दुरुस्त रखने और ईंधन इत्यादि की पर्याप्त स्टोरेज करने के भी निर्देश दिए।
उपमंडल अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जोखिम वाले पेड़ों की काट छांट के लिए वन विभाग को निर्देश दिए गए है।
उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में जिला आपात ऑपरेशन केंद्र के टोल फ्री संख्या 1077 पर सूचित करें और निर्देश दिए कि जिला आपदा प्रबंधन अभिकरण कुल्लू को सभी नोडल अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जिला आपदा प्रबंधन को उपलब्ध करवाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *