सुरभि न्यूज़, सोलन : प्रदेशभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिला की दाड़लाघाट पुलिस ने पिता-पुत्र को 613 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि बीती रात दाड़लाघाट थाने की पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को अपने खबरियों से जानकारी मिली कि शिमला की तरफ से दाड़लाघाट की तरफ एक गाड़ी आ रही रही है, जिसमें सवार दो लोग चरस की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नाकाबंदी करके गाड़ी को रोका और उसकी तलाशी लेने पर गाड़ी से 613 ग्राम चरस बरामद हुई।
गौरव सिंह के अनुसार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय राय सिंह पुत्र राजेंदर सिंह व 39 वर्षीय राजेंदर सिंह पुत्र मनी राम दोनों निवासी गाँव रीहा डाकखाना मुंड तहसील ठयोग जिला शिमला हिमाचल प्रदेश के तौर पर हुई है। दोनों पिता व पुत्र हैं।
पुलिस ने थाना दाड़लाघाट में दोनों को गिरफ़्तार कर मामला दर्ज कर दिया है। चरस तस्करी मामले में संलिप्त गाड़ी को जब्त करके पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जायेगा। इसके साथ ही दोनों आरोपियों के पूर्व के अपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।











