Listen to this article
सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी : 14 नम्बर
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. विनोद आचार्य ने शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जवाहर ठाकुर तथा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चमन शर्मा ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में डॉ. विनोद आचार्य ने कहा कि एनएसएस युवाओं में सामाजिक दायित्व.अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना उत्पन्न करता है। उन्होंने स्वयंसेवियों को संदेश दिया कि समाज में स्वच्छता. पर्यावरण संरक्षण. नशा-निवारण और जनजागरूकता जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. जवाहर ठाकुर ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम है.जो उन्हें कक्षा के बाहर वास्तविक जीवन के अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने बच्चों के उत्साह और अनुशासन की सराहना की। इस सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने क्यार कॉलोनी को गोद लेकर वहां सफ़ाई अभियान चलाया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर की भी व्यापक सफ़ाई. पौधारोपण तथा समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनीता, बृजलाल ठाकुर, हीरालाल शर्मा तथा एसएमसी सदस्य जीवन शर्मा, लीला चंद, मधु शर्मा लीला देवी, पूजा, प्रवीण कुमारी, चम्पा ठाकुर, मीना शर्मा, नीरमा देवी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। समापन पर स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवियों को सम्मानित भी किया।











