सुरभि न्यूज़, कुल्लू : प्रदेश पुलिस नशा तस्करों पर जिस तरह सख्ती से कार्यवाही कर रही है, नशा तस्कर चरस तस्करी के लिए नए – नए हथकंडे अपना रहे है। चरस तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिससे कुल्लू घाटी में चरस तस्करी के इस मामले से पुलिस ओर भी चौकनी हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला की मणिकर्ण घाटी में मिनी इज़रायल के नाम से विश्व भर में प्रसिद्ध कसोल से भेजे गए एक कुरियर पार्सल से चरस बरामद हुई है। कुरियर कंपनी कर्मी की सूझबूझ से इस गोरखधंधे का पटाक्षेप हुआ है। कुरियर में 151 ग्राम चरस बरामद की है और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक कुरियर कंपनी में काम करने वाले जिला के सुमारोपा निवासी युवक विशाल ने इस संदर्भ में पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है।
दर्ज शिकायत में विशाल ने बताया कि उसने कसोल की एक बेकर्स शॉप से एक पार्सल लिया था। लेकिन पार्सल पकड़ने पर उसे उसमें पैक की गई वस्तु पर संदेह हुआ।
तो उसने पार्सल को डिलीवर करने के बजाय पुलिस को सौंप दिया। वहीं, जब पुलिस ने पार्सल खोल कर देखा तो उसमें से 151 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस चौकी जरी में मामला दर्ज चरस को कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि यह पार्सल किसने बुक किया था।
लेकिन चरस सप्लाई के इस नए गोरखधंधे के खुलासे के बाद पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। माना जा रहा है कि अब पुलिस कुरियर कंपनियों के पार्सल पर भी नजर रखेगी।











