केंद्र से मिले पैसों का हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने किया दुरुपयोग, जम कर हुआ भ्र्ष्टाचार – जगत प्रकाश नड्डा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

शिमला : 13 दिसम्बर

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार सुबह पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास किया। इसके बाद जेपी नड्डा अभिनंदन समारोह के लिए खुली गाड़ी में पीटरहॉफ शिमला पहुंचे। इस दाैरान कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा से नड्डा का स्वागत किया।

नड्डा ने अपने संबोधन में हाल ही में कांग्रेस सरकार की ओर से मंडी में आयोजित जन संकल्प सम्मेलन पर पलटवार किया। साथ ही कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर भी निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि बिहार में समाज के सभी वर्गों में भाजपा को एक तरफा जीत का संदेश पूरे देश को दिया है। देश में घुसपैठियों को संरक्षण देने वालों को बिहार के लोगों ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

नड्डा ने कहा कि हिमाचल के विकास का एक ही मंत्र है, डबल इंजन की सरकार। गाड़ी में एक तरफ पहिये होंगे, एक तरफ नहीं होंगे तो गाड़ी चलेगी नहीं। नड्डा ने कहा कि किसी भी पार्टी को चलाने के लिए पांच ‘क’ चाहिए। पार्टी को कार्यकर्ता चाहिए, कार्यक्रम चाहिए, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय चाहिए।

जेपी नड्डा ने कहा कि यूपीए के समय में जनता की चुनी हुई सरकार किसी एक जाति, वर्ग, परिवार की होकर रह जाती थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति की संस्कृति बदल डाली। मोदी के नेतृत्व में अब जिम्मेदार, जवाबदेह, उत्तरदायी और जनता के बीच जाकर काम करने वाली सरकार है। यूपीए की राजनीति तुष्टीकरण, जातिवाद की है। हमारी राजनीति जवाबदेह सरकार है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बिहार का चुनाव किसी भी दृष्टि से छोटा-मोटा चुनाव नहीं था, बल्कि यह देश की राजनीति की दिशा तय करने वाला एक बड़ा जनादेश था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सशक्त नेतृत्व में बिहार से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। यह परिणाम साफ दर्शाता है कि देश की जनता कांग्रेस की नकारात्मक और विफल राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि यही स्थिति आगामी 2027 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में भी देखने को मिलेगी, जहां कांग्रेस दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाएगी और केवल दो सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार और झूठे वादों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।

बिंदल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह संघर्ष हिमाचल को फिर से विकास, सुशासन और विश्वास के मार्ग पर लाने के लिए है। उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में भाजपा हर मोर्चे पर मजबूती से आगे बढ़ रही है और आने वाले चुनावों में निर्णायक जीत हासिल करेगी।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बिहार में ऐतिहासिक और बंपर जीत दर्ज हुई है, जो देशभर में भाजपा की नीतियों और सुशासन पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी, विशेष राज्य का दर्जा हो या प्रदेश को चार मेडिकल कॉलेजों की सौगात, यह सब भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का तीन साल का कार्यकाल ‘खाओ, पीयो और मौज करो’ की सरकार बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हिमाचल पर कर्ज का बोझ एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति गंभीर संकट में है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीति जनता से खुली लूट की रही है, जिसमें भ्रष्टाचार और अव्यवस्था ही सरकार की पहचान बन गई है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस के इस कुशासन को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में प्रदेश में फिर से भाजपा की सुशासन वाली सरकार स्थापित करने का संकल्प ले चुकी है।

अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सशक्त, दूरदर्शी और प्रभावी नेतृत्व में हिमाचल को एक ऐसा अभूतपूर्व और भव्य भाजपा प्रदेश कार्यालय प्राप्त हुआ है, जो आने वाले दशकों तक संगठनात्मक गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि हिमाचल में भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का प्रतीक है। सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार ने हमेशा हिमाचल प्रदेश का विशेष ध्यान रखा है।

इस दाैरान इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित अन्य नेता माैजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *