सुरभि न्यूज़
सुंदर नगर, मंडी : 27 दिसंबर
सहभागिता संस्था ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, महादेव में नशा एवं चिट्टा विरोधी जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे, विशेष रूप से चिट्टा जैसे घातक नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा इससे बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में थाना धनोटू के प्रभारी राजेन्द्र ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि चिट्टा नशा युवाओं के भविष्य के लिए अत्यंत खतरनाक है और यह बहुत कम समय में व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को चिट्टा से बचने के उपाय बताते हुए गलत संगति से दूर रहने, सजग रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य राजेश सैनी एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने सहभागिता संस्था एवं पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करते हैं।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया और नशा एवं चिट्टा के दुष्प्रभावों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। अंकित ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सहभागिता संस्था के उद्देश्यों से परिचित कराया।
सहभागिता संस्था के अध्यक्ष बीजू हिमदल ने कहा कि इस प्रकार के नशा एवं चिट्टा विरोधी जागरूकता शिविर आने वाले समय में पूरे हिमाचल प्रदेश में आयोजित किए जाएंगे। सहभागिता संस्था सरकार एवं प्रशासन के साथ मिलकर चिट्टा मुक्त अभियान को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।













