सुरभि न्यूज़
खराहल घाटी, कुल्लू
जिला मुख्यालय से सटे खराहल क्षेत्र की ग्राम पंचायत चौकी डोभी के अंतर्गत थासीभ्रा गाँव में बिजलेश्वर युवक मण्डल ने अपने उदेश्यों के अनुरूप सामाजिक सरोकार निभाते हुए गाँव के मुख्य पैदल मार्ग को दुरुस्त किया। लगातार हो रही बारिश के कारण यह मार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए बिजलेश्वर युवक मण्डल के सदस्यों ने गाँववासियों के साथ मिलकर सामूहिक श्रमदान किया और मार्ग की मरम्मत कर उसे पुनः सुचारु बनाया। युवक मण्डल के इस प्रयास से अब ग्रामीणों को आने-जाने में राहत मिली है।
इस अवसर पर युवक मण्डल के अध्यक्ष उत्तम चंद ने कहा कि आपसी सहयोग, एकता और सामुदायिक भागीदारी से गाँव की हर समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि युवक मण्डल आगे भी इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
युवक मण्डल के इस सराहनीय प्रयास की ग्रामीणों ने खुले दिल से प्रशंसा की। श्रमदान में युवक मण्डल के अध्यक्ष उत्तम चंद, उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, वित्त सचिव संजय कुमार, प्रेस सचिव चुनी लाल, सदस्य नरेश कुमार व मोहित के साथ-साथ स्थानीय निवासी गुमान चंद, रामदेव कपूर, अशोक अग्रवाल और सुरेश कुमार ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजलेश्वर युवक मण्डल का यह प्रयास न केवल थासीभ्रा गाँव बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। इस पहल से गाँव के युवाओं में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ है और वे समाज सेवा के लिए आगे आने को प्रेरित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने युवक मण्डल को इस जनहितकारी कार्य के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।










