जिला कुल्लू के तीर्थन घाटी में लोहड़ी कप क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, तीर्थन घाटी

जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की सुंदर तीर्थन घाटी में मकर संक्रांति और लोहड़ी के पावन अवसर पर एक दिवसीय लोहड़ी कप क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता ग्राम पंचायत पेखड़ी के कुलथी गांव में बुधबार को आयोजित की गई, जिसमें आसपास के गांवों के स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ सहकारी समिति के निरीक्षक कुलदीप सिंह जुफरा ने किया, जबकि समापन समारोह में ग्राम पंचायत नोहंडा के पूर्व प्रधान स्वर्ण सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

इस आयोजन से जुड़े पंचायत पेखड़ी के युवा राकेश नेगी ‘रॉकी’ और वीरेंद्र नेगी ‘सिसु’ ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी लोहड़ी और मकर संक्रांति के अवसर पर स्थानीय युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि इस बार क्रिकेट प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की चार टीमों ने भाग लिया, जिसमें युवाओं ने खेल भावना और अनुशासन का बेहतरीन परिचय दिया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हँसपुरी इलेवन मनहार और शिरडु इलेवन कुलथी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में हँसपुरी इलेवन मनहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि कुलथी की टीम उपविजेता रही।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि स्वर्ण सिंह ठाकुर ने सभी उपस्थित लोगों को मकर संक्रांति और लोहड़ी की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने युवाओं से खेल को खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया और कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी समय निकालने और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर क्षेत्र में खेल मैदानों की कमी का मुद्दा भी सामने आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पर्याप्त खेल मैदान न होने के कारण युवा पहाड़ी ढलानों, छोटे-छोटे मैदानों या सड़कों पर ही प्रतियोगिताएँ आयोजित करने को मजबूर हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि गुशैनी क्षेत्र के आसपास एक व्यवस्थित खेल मैदान का निर्माण किया जाए, ताकि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

इस अवसर पर वार्ड सदस्य प्रताप सिंह, पत्रकार योग राज नेगी, हिमालयन इको टूरिज्म से संजु नेगी, प्रेम सिंह, दुनी चंद, डोला राम भारती, धनी राम, एलू राम, प्यार सिंह सहित गांव के अन्य गणमान्य लोग, युवक मंडल और महिला मंडल के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *