सुरभि न्यूज़
शारदा अरनोट, कुल्लू : 20जनवरी
कुल्लू जिला के बंजार उपमंडल के अंतर्गत गुशैनी में 19 जनवरी 2026 को नए डाकघर का विधिवत शुभारंभ किया गया। उप डाकघर खुलने से क्षेत्रवासियों को घर द्वार पर डाक व बैंकिंग सुविधा मिलेगी।
नवस्थापित उप डाकघर गुशैनी का उद्घाटन संजय कुमार अधीक्षक डाकघर, मंडी मण्डल द्वारा किया गया। इस अवसर पर निरीक्षक डाकघर, मंडी घनश्याम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अधीक्षक संजय कुमार ने कहा कि गुशैनी में डाकघर खुलने से न केवल डाक सेवाएँ सुदृढ़ होंगी, बल्कि ग्रामीण जनता को बैंकिंग, बीमा, बचत योजनाएँ, आधार लिंक्ड सेवाएँ तथा डिजिटल लेनदेन जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी अपने ही क्षेत्र में घर द्वार पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि भारतीय डाक विभाग आज केवल पत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की सामाजिक, आर्थिक रीढ़ बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि गुशैनी में डाकघर के खुलने आसपास के गांवों के लोगों को अब बंजार नहीं जाना पड़ेगा। अब ग्रामीण समय, धन और श्रम की बचत के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
निरीक्षक डाकघर घनश्याम ने डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा तथा बचत खाता योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
स्थानीय लोगों ने गुसैनी में डाकघर खुलने पर डाक विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यह डाकघर भविष्य में शिक्षा, रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बनेगा।











